भोपाल। मध्यप्रदेश के रायसेन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘नक्शा’ पायलट परियोजना की शुरुआत की। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह सिर्फ रायसेन या मध्यप्रदेश का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि 23 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों को इस योजना से जोड़ा गया है, लेकिन उनकी इच्छा थी कि इसकी शुरुआत रायसेन से की जाए। इस परियोजना को केंद्रीय भूमि संसाधन विभाग ने डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के अंतर्गत विकसित किया है। ‘नक्शा’ (National Geospatial Knowledge-based Land Survey of Urban Habitations) का उद्देश्य आधुनिक तकनीक का उपयोग कर शहरी क्षेत्रों की भूमि का सटीक सर्वेक्षण करना है। इसमें ड्रोन, सैटेलाइट और जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम (GIS) जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे जमीन से जुड़े रिकॉर्ड अधिक सटीक और अपडेटेड रहेंगे। भूमि स्वामित्व से जुड़े विवादों में कमी आएगी। डिजिटल रिकॉर्ड रखने से सरकारी प्रक्रियाएं पारदर्शी बनेंगी। नागरिकों को अपनी संपत्ति से जुड़ी सटीक जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी। शहरी नियोजन और विकास कार्यों में तेजी आएगी। यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर इसे पूरे देश में व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा, जिससे शहरी भूमि प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
रायसेन से पूरे देश में लॉन्च हुआ ‘नक्शा’ पायलट प्रोजेक्ट




