पलवल। हरियाणा के पलवल में क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने पलवल-नूंह रोड पर एक लाख के दो इनामी बदमाशों को रविवार हुई मुठभेड़ में ढेर किया है। पुलिस ने बदमाशों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया है। बदमाश नीरज फरीदपुरिया गैंग के सदस्य थे। मृतक बदमाशों ने अपने दो साथियों के साथ 19 जनवरी, 2025 को जिले के जोहरखेडा गांव के सरपंच मनोज और उसके साथी राकी को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी। मामले में आरोपितों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित था। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी क्राइम मनोज वर्मा ने बताया कि क्राइम ब्रांच पलवल की टीम को रविवार रात को सूचना मिली थी कि रेवाड़ी के माजरा के रहने वाले जोरावर सिंह तथा कुंडल के रहने वाले नीरज उर्फ़ नीरीया नाम के बदमाश नूंह रोड पर मौजूद हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बदमाशों की फायरिंग में कुछ गोलियां तीन पुलिसकर्मियों द्वारा पहनी हुई बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोलियां लगीं। बदमाशों से वारदात में प्रयुक्त दो पिस्टल, तीन कारतूस और 19 जनवरी को वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।




