नोएडा। ग्रेटर नोएडा की बिसरख पुलिस की शनिवार सुबह कार सवार अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस एसकेएस तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सामने से एक काले रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो कार सवारों ने कार की गति बढ़ा दी और चिपियाना रोड की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन कार चालक ने कार नहीं रोकी। जब पुलिस टीम ने कार को घेरकर रोकने का प्रयास किया तो कार में सवार अपराधी अपने आप को घिरा देख कार से कूदकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उक्त अपराधियों का पीछा किया, जिस पर अपराधियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान अतुल निवासी गाजियाबाद और बादल के रूप में हुई है। बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद हुए। जब बरामद कार की तलाशी ली गई तो कार की डिग्गी से 4 आरआरयू बरामद हुए जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है।




