इंदौर। छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में रंगपंचमी की सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में फरार स्कॉर्पियो चालक को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए वाहन को अलग-अलग रास्तों से भगाकर ले गया था, लेकिन करीब दो दिन तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस उसे पकड़ने में सफल हुई। पुलिस के अनुसार रंगपंचमी की अलसुबह सिलावटपुरा स्थित गणेश मंदिर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े तनवीर खान (19) और उसके दोस्त फैजान मंसूरी (22) को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत यूनिक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तनवीर खान की मौत हो गई, जबकि फैजान मंसूरी घायल है। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। जांच के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक शाहरुख पुत्र सलीम लोहार निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि रमजान के कारण सेहरी के समय कई युवक घर के बाहर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वहां से गुजरते हुए दो युवकों को टक्कर मारकर निकल गई। पूछताछ में आरोपी शाहरुख ने बताया कि वह ग्रीन पैलेस कॉलोनी में रहने वाले व्यक्ति की गाड़ी चलाता है और रविवार को दो लोगों को लेकर सेहरी के लिए बंबई बाजार गया था। वहां से लौटते समय उसे नींद का झोंका आ गया और हादसा हो गया। घटना के बाद वह घबरा गया और स्कॉर्पियो लेकर मौके से भाग गया। हादसे के बाद तनवीर और फैजान के दोस्त इरफान ने आरोपी की गाड़ी का पीछा भी किया था, जो गंगवाल, फूटी कोठी और महूनाका होते हुए चंदन नगर चौराहे तक गया, इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो को धार रोड की ओर मोड़कर फरार हो गया। इरफान गाड़ी का नंबर नहीं देख पाया था, लेकिन पुलिसकर्मियों धमेन्द्र, भूपेन्द्र और अरुण ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।
रंगपंचमी पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार




