पलवल। पलवल में जिला स्वास्थ्य विभाग बेशक छायंसा गांव में सामान्य हालात होने का दावा कर रहा है, लेकिन गांव में लोगों की मौतों का सिलसिला नहीं रुक रहा है। शनिवार रात को भी अचानक बीमार हुई 35 वर्षीय अर्शीदा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की तबीयत दो दिन पहले अचानक बिगड़ गई थी। उसे गंभीर हालत में नल्हड मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। स्वजन के अनुसार महिला में हेपेटाइटिस की पुष्टि हुई थी।परिजनों के अनुसार, करीब दो दिन पहले अर्शीदा का हेपेटाइटिस से जुड़ा टेस्ट हुआ था। अगले दिन गुरुग्राम से आई रिपोर्ट में हेपेटाइटिस की पुष्टि हुई थी। हालांकि, हथीन के एसएमओ डॉ. संजय शर्मा का कहना है कि अर्शीदा की मौत के कारणों को जानने के लिए वह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसी तर 27 फरवरी को गांव की रहने वाली 45 वर्षीय महिला मेमुना की हेपेटाइटिस बी के संक्रमण से मौत हो गई थी, जिसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने भी की है।गांव में फैले संक्रमण को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की टीम ने गांव का दौरा कर चुकी है। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम भी बीते एक महीने से घर-घर जाकर जांच और टीकाकरण का दावा कर रही है, लेकिन हेपेटाइटिस से मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अचानक तबीयत बिगड़ने से हो रही मौतों से गांव में भय का माहौल है।
छायंसा गांव में हेपेटाइटिस से एक और मौत, ग्रामीणों में दहशत




