नूंह। सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव बड़ोंपुर में एक महिला ने अपनी 3 बेटियों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चारों शवों को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान साहिला पत्नी शाहिद निवासी गांव बड़ोंपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि साहिला 8 मार्च को अपने खेतों में सरसों की कटाई करने गई थी। शाम को रोजा इफ्तारी के समय जब वह बच्चों के साथ घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह करीब नौ बजे जब परिवार के लोग खेतों में गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए पहुंचे तो उन्हें कुएं के बाहर कुछ चप्पलें पड़ी दिखाई दीं। शक होने पर जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो बच्चों के शव पानी में उतराते नजर आए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से महिला और उसके तीनों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मंडीखेड़ा की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक बच्चों में अक्शा (करीब 7 वर्ष), सनूपिया (करीब 5 वर्ष) और चार माह की एक बच्ची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि इस मामले में अभी तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
नूंह में 3 बेटियों को लेकर कुएं में कूदी महिला, सबकी मौत




