शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार

Must read

रामपुर। साइबर क्राइम पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रईस पुत्र वहीद और जितेंद्र कुमार पुत्र रूपचंद के रूप में हुई है। दोनों को रामपुर से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि इनके बैंक खातों में करीब 7.14 लाख रुपये की संदिग्ध राशि मिली है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रईस साइबर ठगी से आने वाली रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त करता था, जबकि जितेंद्र अन्य लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी का पैसा मंगवाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार इस गिरोह से जुड़े कुछ और लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों के बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से कुल 17 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इनमें उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से शिकायतें शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान कॉल, संदेश या लिंक से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति या समूह के माध्यम से निवेश न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article