इंदौर। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय शूटर गैंग हैरी और ऋतिक बॉक्सर से जुड़े एक सक्रिय सदस्य मनीष जांगिड़ को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया। आरोपी ने शहर के एक व्यापारी अंकित अग्रवाल से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी पिछले आठ दिनों से फर्जी आधार कार्ड के सहारे एक होटल में पहचान छिपाकर रह रहा था और व्यापारी के घर की लगातार निगरानी कर उसके वीडियो गैंग के लोगों को भेज रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी को उस समय पकड़ लिया गया जब वह पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग की तैयारी कर रहा था। उसके पास से छह पेट्रोल बम, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नकली दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि जयपुर का रहने वाला मनीष पहले एक किराना दुकान पर काम करता था, लेकिन हथियारों और रसूख के आकर्षण में वह सोशल मीडिया के जरिए इस गिरोह से जुड़ गया। गैंग के लोगों ने उसे मोबाइल पर पेट्रोल बम बनाने की जानकारी दी थी और इस काम के लिए उसे एक लाख रुपये अग्रिम भी दिए गए थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि अशोकनगर की एक घटना के बाद उसे आगे की वारदात के लिए इंदौर भेजा गया था, जहां वह बड़ी आपराधिक योजना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार




