फरीदाबाद। जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे मामले में बेचा गया वाहन हरियाणा से बरामद किया गया है। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पहले मामले में घोड़व गांव निवासी 22 वर्षीय अक्षित महाजन ने शिकायत दी थी कि ऊना जिले के बंगाणा तहसील के निवासी 31 वर्षीय अमित खन्ना, जो पालमपुर में “यात्रा यादें” नाम से टूर एंड ट्रैवल और इवेंट का व्यवसाय चलाता था, ने उसे साझेदारी का झांसा देकर निवेश के नाम पर 26 लाख 60 हजार 500 रुपये ले लिए। आरोपी ने छह महीने में 30 लाख रुपये लौटाने का वादा किया था और भरोसा दिलाने के लिए 5 लाख 24 हजार 999 रुपये वापस भी किए, लेकिन बाद में मोबाइल बंद कर संपर्क तोड़ लिया। शिकायत पर दर्ज मामले की तकनीकी जांच और विभिन्न राज्यों में दबिश के बाद पुलिस ने 25 फरवरी 2026 को अमित खन्ना को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वहां ऐशोआराम की जिंदगी जी रहा था और फिलहाल उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरे मामले में सुराणी गांव के 62 वर्षीय धर्म चंद ने शिकायत दी कि उन्होंने अपना वाहन 13 लाख 20 हजार रुपये में बिलासपुर निवासी राजीव कुमार को बेचा था, लेकिन भुगतान के लिए दिया गया चेक बैंक में “खाता अवरुद्ध” टिप्पणी के साथ लौट आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा के फरीदाबाद से वाहन बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
कांगड़ा में धोखाधड़ी के दो मामलों में कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद




