गुरुग्राम। शहर के बलदेव नगर स्थित सब्जी मंडी में होली की खरीदारी कर रहे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ब्रेजा कार सवार युवक ने तेज रफ्तार में कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार देर रात उस समय हुई जब बाजार में होली की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और आसपास होलिका दहन का कार्यक्रम भी चल रहा था। इसी दौरान कार सवार युवक तेज गति से बाजार में पहुंचा और सबसे पहले बिहार के गुलडिया निवासी 55 वर्षीय सुली को टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर, मुंह व हाथ में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा और भीड़ के बीच कई अन्य लोगों तथा रास्ते में खड़ी रेहड़ियों को भी टक्कर मार दी, जिससे बाजार में भगदड़ मच गई। कुछ दूरी पर कार क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद हो गई तो लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने आरोपी रितेश निवासी झज्जर के खिलाफ घायल सुली की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में घायल लोगों को परिजनों ने निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि दो लोगों को गंभीर चोटों के कारण उपचार के लिए भर्ती रखा गया है।
होली बाजार में कार चढ़ाने से छह घायल, नशे में ड्राइवर को लोगों ने पकड़कर पीटा




