गाजियाबाद। साइबर अपराधियों ने नामी ब्रोकरेज फर्म के नाम पर टीला मोड़ निवासी एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 8.70 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित को एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में 154 लोग जुड़े हुए थे। ठगी के बाद पीड़ित ने संपर्क करने का प्रयास किया तो सभी नंबर बंद मिले। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। भारत सिटी निवासी अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि बीते माह उन्हें फेसबुक पर एक्सिस सिक्योरिटीज का विज्ञापन दिखा था। उसमें नवीन कुलकर्णी नाम व्यक्ति को वित्त विशेषज्ञ के रूप में दिखाया गया। उन्होंने आनलाइन इस नाम को देखा तो उससे संबंधित लिंकडीन पर पेज भी दिखा। उन्हें लगा वास्तव में इस नाम का कोई विशेषज्ञ है। उसके बाद उन्हें एक्सिस सिक्योरिटीज के नाम पर ग्रुप बनाकर जोड़ा गया और झांसे में लेकर शेयर ट्रेडिंग कराई गई। खाते में मुनाफा होने के बाद भी वह अपने जमा रुपए नहीं निकाल पाए। जब उन्होंने प्रयास किया तो उनसे अतिरिक्त धनराशि मांगी गई। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें धमकी देते हुए कहा गया कि यदि वह अतिरिक्त रुपए नहीं देंगे तो सेबी से उनके ऊपर भरी जुर्माना लगाया जाएगा। पीड़ित ने परेशान होकर वाट्सएप ग्रुप के अन्य सदस्यों को फोन लगाया तो किसी भी संपर्क नहीं हो पाया। पीड़ित का कहना है कि वह साइबर ठगो के बुने हुए जाल में फंसकर 8.70 लाख रुपए गंवा चुके हैं। एसीपी क्राइम अमित सक्सेना का कहना है कि पीड़ित की शिकायत ओर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शीघ्र आरोपितों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ठग लिए 8.70 लाख रुपये




