गाजियाबाद। गोविंदपुरम इलाके के ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छुट्टी घोषित कर दी और अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने को कहा। 100 से अधिक छात्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई।
सुबह 6:45 बजे स्कूल के सीसीटीवी में तेंदुआ परिसर के पार्क में टहलता दिखा, इसके बाद वह एक कमरे में चला गया। सिक्योरिटी इंचार्ज ने ड्यूटी पर आते समय मोबाइल से सीसीटीवी चेक किया और तुरंत प्रबंधन व वन विभाग को सूचना दी। कविनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर रास्ते बंद किए और 50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए। स्कूल के सामने की सड़क पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया।
वन विभाग की टीम करीब 8:30 बजे मौके पर पहुंची। डीएफओ ईशा तिवारी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ। स्कूल की बाउंड्री पर जाल लगाया गया, मेरठ से अतिरिक्त टीम बुलाई गई और ड्रोन से लोकेशन ट्रैक करने की तैयारी की गई। भीड़ बढ़ने पर पुलिस को गेट से लोगों को हटाना पड़ा।
करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइजर गन से तेंदुए को बेहोश किया गया और पिंजरे में सुरक्षित रखा गया। वन विभाग की टीम उसे सहारनपुर ले जाकर शिवालिक पहाड़ियों में छोड़ने की तैयारी कर रही है।
गनीमत रही कि सुबह का समय होने से स्कूल लगभग खाली था। नाइट गार्ड ने भी 7:30 बजे ऑफिस के बाहर तेंदुए को देखा और तत्काल सूचना दी। छात्रों ने बताया कि पेपर के लिए पहुंचने पर छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी।
पुलिस और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और भीड़ न लगाएं। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।




