नई दिल्ली। एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने सातवीं गिरफ्तारी की है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से इंडियन यूथ कांग्रेस नेता जीतेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें दिल्ली लाकर पूछताछ की जा रही है।
सोमवार को पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के दिल्ली अध्यक्ष उदय भानु चिब से भी पूछताछ की। ग्वालियर से हिरासत में लिए गए दो अन्य लोगों में राजा गुर्जर और अजय कुमार के नाम शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि ये सभी शर्टलैस प्रदर्शन में शामिल थे। वीडियो फुटेज के आधार पर इनकी पहचान की गई है।
कार्रवाई तिलक नगर थाना पुलिस ने की है। इस मामले में गैर जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। 21 फरवरी को पटियाला हाउस कोर्ट ने पहले गिरफ्तार चार आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था।
घटना 20 फरवरी की है, जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान अंदर पहुंचे और शर्टलैस होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली टी-शर्ट लहराते हुए नारेबाजी की। टी-शर्ट पर “PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड” लिखा था। प्रदर्शन भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किया गया था।
22 फरवरी को पुलिस ने यूथ कांग्रेस नेता कृष्ण हरि की कार बरामद की, जिसमें प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट और पोस्टर मिले। इससे पहले 21 फरवरी को भाजपा ने इस घटना के विरोध में दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में प्रदर्शन किए थे। मुंबई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे भी दिखाए थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर क्यूआर कोड के जरिए समिट में प्रवेश किया था। उन्होंने ऊपर स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और अंदर विरोध संदेश वाली टी-शर्ट। हॉल नंबर 5 के पास उन्होंने जैकेट उतारकर प्रदर्शन शुरू किया। पुलिस ने झड़प और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पहले काले छातों पर स्टिकर लगाकर अंदर जाने की योजना थी, लेकिन जांच के दौरान पकड़े जाने की आशंका के कारण योजना बदली गई और टी-शर्ट का इस्तेमाल किया गया। स्टिकर कहां छपवाए गए, इसकी जांच जारी है।




