नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम को 17 रन से हरा दिया। कैनबरा में खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी।
ऑस्ट्रेलिया की जीत में ओपनर जॉर्जिया वॉल का अहम योगदान रहा। उन्होंने 57 गेंदों पर 88 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वॉल ने बेथ मूनी के साथ पहले विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की। मूनी ने 39 गेंदों पर 46 रन बनाए। भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने 2 विकेट लिए, जबकि रेणुका ठाकुर को 1 सफलता मिली। ऑस्ट्रेलिया की दो बल्लेबाज रन आउट हुईं।
164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तेज शुरुआत की। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 54 रन जोड़े। 7वें ओवर में 57 रन के स्कोर पर शेफाली 29 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद टीम ने 10वें ओवर तक 71 रन पर 3 विकेट गंवा दिए।
कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष ने चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। हरमनप्रीत ने 36 रन बनाए, जबकि स्मृति ने 31 रन की पारी खेली। हालांकि, इस साझेदारी के टूटते ही भारतीय टीम ने अगले 7 रन के भीतर 6 विकेट गंवा दिए और जीत से दूर रह गई।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एश्ले गार्डनर ने 3 विकेट लिए। किम गार्थ, एनाबेल सदरलैंड और सोफी मोलेन्यू ने 2-2 विकेट झटके।
भारत ने पहला टी-20 जीता था, जबकि दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। अब सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। तीसरा और निर्णायक मुकाबला 21 फरवरी को एडिलेड में खेला जाएगा।




