जनगणना की तैयारियां तेज, फरवरी-मार्च में मकानों की नंबरिंग होगी, 8 हजार प्रगणक रहेंगे तैनात

Must read

इंदौर। आगामी जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति के बाद अब शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है। करीब 15 साल बाद होने जा रही जनगणना के तहत फरवरी और मार्च में मकानों को क्रमवार नंबर दिए जाएंगे और इन्हीं नंबरों के आधार पर ब्लॉक बनाए जाएंगे।

प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्रों में वार्ड सीमा के भीतर और ग्रामीण क्षेत्रों में गांव की सीमा के अनुसार ब्लॉक तैयार किए जाएंगे। एक ब्लॉक में 180 से 200 मकान और करीब 750 से 800 की आबादी शामिल होगी। मकानों पर अलग-अलग रंग से नंबर लिखे जाएंगे ताकि प्रगणकों को सर्वे के दौरान आसानी हो सके।

जनगणना का पहला चरण 1 से 31 मई के बीच होगा, जिसमें मकानों की गणना की जाएगी। इसके लिए जिले में करीब 8 हजार प्रगणक और 1300 पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इस चरण में 37 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें आबादी की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। नागरिकों को स्वयं गणना का विकल्प भी मिलेगा, जिसकी पुष्टि प्रगणक घर पहुंचकर करेंगे।

इधर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में जिले में बड़ी संख्या में रिकॉर्ड विसंगतियां सामने आई हैं। कुल 28.67 लाख मतदाताओं के परीक्षण के बाद 4 लाख 47 हजार 648 रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाई गईं। प्रशासन ने 6.78 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए। सुनवाई के बाद 5108 मतदाता अपात्र पाए गए, जबकि 551 नाम अन्य स्थान पर पंजीकरण के कारण हटाए गए। इसके बाद जिले में मतदाताओं की संख्या घटकर लगभग 24.19 लाख रह गई है। प्रशासन अब अंतिम प्रकाशन की तैयारी कर रहा है।

प्रारंभिक चरण में 4 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 के बीच जिले में 28.67 लाख मतदाताओं के गणना पत्र भरवाए गए थे। इनमें से 24 लाख 20 हजार 171 मतदाताओं ने फॉर्म जमा किए, जिन्हें प्रारंभिक सूची में शामिल किया गया। वहीं 1 लाख 33 हजार 706 मामले नो-मैपिंग श्रेणी में पाए गए। 5 लाख 79 हजार 265 मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण में त्रुटियां मिलीं। इसके अलावा 33 हजार 701 रिकॉर्ड में बीएलओ स्तर पर सुधार किया गया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article