ग्वालियर। मंगलवार को मोतीझील स्थित रक्काश टैंक में तकनीकी कार्य के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। रक्काश टैंक में पानी नहीं भर पाने से करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित होगी। यह कार्य नगर निगम के जलप्रदाय विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
जलप्रदाय विभाग के अनुसार, मोतीझील पर रक्काश से आने वाली 750 एमएम व्यास की लाइन को मोतीझील से मुरार जाने वाली 700 एमएम व्यास की पंपिंग मेन लाइन से जोड़ने का कार्य चल रहा है। इस सुधार कार्य के चलते मंगलवार को रक्काश टैंक से जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
सहायक यंत्री हेमंत शर्मा ने बताया कि वार्ड 6 के घास मंडी, बाबा कपूर, किला गेट, बंडाघूरा और राय मोहल्ला क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अलावा वार्ड 7 के कृष्णा नगर और सती बिहार, वार्ड 9 के राजा की मंडी और चार शहर का नाका, वार्ड 11 के हजीरा, गोसपरा नंबर एक एवं दो, वार्ड 12 के जेसी मील लाइन और सुभाष नगर, वार्ड 13 के मटका वाला पुल तथा वार्ड 14 के तानसेन नगर क्षेत्र भी प्रभावित होंगे।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का संग्रह कर लें और जरूरत के अनुसार उपयोग करें। विभाग का कहना है कि यह कार्य शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत और सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही जल आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।




