नई दिल्ली। श्रीलंका ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरा मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बना ली है। अब अगर आज आयरलैंड के खिलाफ जिम्बाब्वे जीत जाता है, तो न सिर्फ वह सुपर-8 में पहुंचेगा, बल्कि ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप स्टेज से ही बाहर भी कर देगा। वहीं न्यूजीलैंड भी आज कनाडा को हराकर अगले राउंड में एंट्री कर सकता है।
ग्रुप-ए में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। अमेरिका ने नामीबिया को 31 रन से हराया, जबकि भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से मात दी। 6 अंकों के साथ टीम इंडिया टॉप पर है और सुपर-8 में क्वालिफाई कर चुकी है। अमेरिका 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसके सभी मैच खत्म हो चुके हैं। पाकिस्तान के भी 4 ही अंक हैं, लेकिन खराब रन रेट के कारण वह तीसरे नंबर पर है। पाकिस्तान का आखिरी मैच नामीबिया से है। अगर नामीबिया ने उलटफेर कर दिया तो 2009 की चैंपियन टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो जाएगी।
ग्रुप-बी में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सुपर-8 में पहुंच गया। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया की यह दूसरी हार थी और टीम अब बाहर होने की कगार पर है। ऑस्ट्रेलिया को अब ओमान के खिलाफ आखिरी मैच जीतने के साथ-साथ जिम्बाब्वे के दोनों मैच हारने का इंतजार करना होगा। अगर जिम्बाब्वे अपने आखिरी दो में से एक भी मैच जीत लेता है, तो वह श्रीलंका के साथ सुपर-8 में पहुंच जाएगा।
ग्रुप-सी में इंग्लैंड ने इटली को 24 रन से हराकर अगले राउंड में प्रवेश कर लिया है। वेस्टइंडीज पहले ही तीन जीत के साथ सुपर-8 में पहुंच चुका है। इस ग्रुप से इटली, नेपाल और स्कॉटलैंड बाहर हो चुके हैं।
ग्रुप-डी में आज न्यूजीलैंड और कनाडा के बीच मुकाबला होना है। न्यूजीलैंड अगर यह मैच जीतता है तो सुपर-8 में पहुंच जाएगा। साउथ अफ्रीका पहले ही तीनों मैच जीतकर अगले दौर में जगह बना चुका है। अफगानिस्तान और UAE के पास अभी भी गणितीय मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें आखिरी मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड की हार का इंतजार करना होगा।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो श्रीलंका के कुसल मेंडिस ने लगातार तीसरी फिफ्टी लगाते हुए 168 रन बना लिए हैं और वे फिलहाल टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर हैं। टिम साइफर्ट 167 और ईशान किशन 158 रन के साथ उनके ठीक पीछे हैं। गेंदबाजी में अमेरिका के शैडली वान शाल्कविक 13 विकेट के साथ टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं।




