लखनऊ। यूपी के पांच जिला कोर्ट वाराणसी, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़ और अमरोहा को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इससे प्रशासन और शासन के बीच हड़कंप मच गया। खबर मिलने के बाद आनन-फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। न्यायालय परिसर की सघन जांच चल रही है। डॉग स्क्वॉयड की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। पूरे प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मेरठ जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने बाद परिसर को खाली करा दिया गया। अधिवक्ता अपने चैंबरों से बाहर आ गए। कचहरी में तारीख पर आए लोग भी वापस जाने लगे। फिलहाल किसी को भी कोर्ट परिसर के आसपास भी जाने की अनुमति नहीं दी गई है। एएसपी बजरंग प्रसाद और सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वायड के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। कचहरी में घूम रहे तीन संदिग्ध को भी हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने भेज दिया गया है। बता दें कि दो दिन पहले भी जिला जज की मेल आइडी पर मेल आया था, जिसमें जिला जज और वकीलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। तभी पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाकर कचहरी की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि मेल के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है साइबर की टीम इस पर काम कर रही है। आजमगढ़ दीवानी कचहरी को ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। सूचना मिलते ही कचहरी परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और सभी न्यायिक कार्यवाही स्थगित कर दी गईं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एसएसपी सहित कई अधिकारी जांच में जुटे हैं और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अमरोहा जिला न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण रोकने की मांग की गई और जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स बम होने का दावा किया गया। धमकी के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने कचहरी परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल, ईमेल भेजने वाले की जांच जारी है।अलीगढ़ दीवानी न्यायालय परिसर में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करा लिया। एसएसपी के निर्देश पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने सघन तलाशी ली। बाद में पता चला कि यह एक मॉक ड्रिल थी, जिससे सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया जा सके। वाराणसी कचहरी परिसर में जजों के चैंबर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। जिला जज ने अधिकारियों को सूचित किया। जिसके बाद कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस घटना से वकीलों और कर्मचारियों में भय है, पुलिस जांच कर रही है और सुरक्षा मजबूत करने का आश्वासन दिया है।
यूपी के पांच जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मंच हड़कप




