फरीदाबाद। डबुआ सब्जी मंडी में गेट नंबर-4 के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मंडी से गुजर रहे लोगों ने शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक पिछले करीब एक से डेढ़ साल से इस इलाके में आता-जाता था। कई बार उसे मंडी में दुकानदारों से सामान मांगते हुए भी देखा गया था। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक बेघर या असहाय हो सकता है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।




