दिल्ली। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हैं और गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक पिछले दो दिनों से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
BCCI के एक सूत्र ने बताया कि अभिषेक को पेट के इन्फेक्शन की शिकायत के बाद अस्पताल में एडमिट कराया गया है। समस्या की सही वजह जानने के लिए कुछ मेडिकल जांच की जा रही हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि उन्हें आज डिस्चार्ज किया जाएगा या नहीं, लेकिन मौजूदा हालात में नामीबिया के खिलाफ मैच में उनका उतरना कठिन लग रहा है।
अभिषेक की पेट की परेशानी पहले से सामने आ चुकी थी। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान जब वह फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे, तब भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने बताया था कि वह पेट की समस्या से उबर रहे हैं और उम्मीद है कि दो दिन में अगले मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
अगर अभिषेक फिट नहीं हो पाते हैं, तो टीम मैनेजमेंट के पास संजू सैमसन से ओपनिंग कराने का विकल्प मौजूद है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद संजू को विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर ईशान किशन ने रिप्लेस किया था। संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में कुल 46 रन बनाए थे।
इस बीच भारत के लिए राहत की खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह नामीबिया के खिलाफ मैच खेलने के लिए फिट हैं। वह बीमारी के कारण अमेरिका के खिलाफ पहला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन मंगलवार को दिल्ली में हुए अभ्यास सत्र में उन्होंने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की।
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान लगी साइड स्ट्रेन से उबर चुके हैं। उन्होंने टीम के साथ जुड़कर नेट्स में गेंदबाजी की और बाद में थ्रोडाउन के जरिए बल्लेबाजी अभ्यास भी किया।




