विंटर ओलिंपिक 2026 में पहली बार मां-बेटे की जोड़ी साथ उतरी, मैक्सिको की सारा और लासे चर्चा में

Must read

विंटर ओलिंपिक 2026 की शुरुआत हो चुकी है और इस समय सबसे ज्यादा चर्चा मैक्सिको की मां-बेटे की जोड़ी सारा श्लेपर (47) और लासे फेडेरिको गैक्सियोला (18) को लेकर हो रही है। विंटर ओलिंपिक के 102 साल के इतिहास में यह पहली बार है, जब मां और बेटा एक साथ दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच पर मुकाबला करते नजर आएंगे।

यह जोड़ी इस साल के पांच सदस्यीय मैक्सिकन दल का हिस्सा है, जो विंटर गेम्स में मैक्सिको का अब तक का सबसे बड़ा एथलीट दल माना जा रहा है।

47 वर्षीय सारा श्लेपर का यह सातवां ओलिंपिक है, जो किसी भी महिला अल्पाइन स्कीयर के लिए रिकॉर्ड है। उन्होंने 1998 के नागानो ओलिंपिक से अपने करियर की शुरुआत की थी। सारा ने 4 बार अमेरिका और 3 बार मैक्सिको का प्रतिनिधित्व किया है। वह ओलिंपिक विंटर खेलों में भाग लेने वाली इतिहास की सबसे उम्रदराज महिला अल्पाइन स्कीयर भी बन गई हैं।

वहीं, 18 साल के लासे फेडेरिको गैक्सियोला का यह ओलिंपिक डेब्यू है। उनका नाम नार्वे के दिग्गज चैंपियन लासे क्युस के नाम पर रखा गया है। लासे ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह अपनी मां के साथ इस मंच पर एक साथ खेल रहे हैं।

बताया गया कि साल 2011 में जब सारा ने पहली बार संन्यास लिया था, तब उन्होंने अपनी अंतिम रेस में 4 साल के लासे को गोद में उठाकर स्कीइंग की थी। अब वही बच्चा अपनी मां के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ओलिंपिक में मुकाबला कर रहा है।

अमेरिका में जन्मी सारा ने 1998 से 2010 के बीच अमेरिका के लिए ओलिंपिक में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2014 में मैक्सिकन कोच फेडेरिको गैक्सियोला से शादी के बाद उन्होंने मैक्सिको की नागरिकता ली। तब से वह मैक्सिकन विंटर स्पोर्ट्स की प्रमुख पहचान बन गईं और दो विंटर ओलिंपिक में मैक्सिको का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

वहीं, विंटर ओलिंपिक 2026 का भव्य आगाज मिलान के सैन सिरो स्टेडियम में हुआ। इस बार इतिहास में पहली बार दो अलग-अलग स्थानों पर मशालें जलाई गईं। उद्घाटन समारोह में 92 देशों के एथलीटों ने परेड में हिस्सा लिया।

इस बार यूएई ने भी पहली बार विंटर ओलिंपिक में कदम रखा है। उन्होंने स्काई दुबई जैसे इंडोर स्की सेंटरों और यूरोप में ट्रेनिंग के जरिए दो एथलीटों को तैयार किया। भारत की ओर से स्तांजिन लुंदुप क्रॉस-कंट्री स्कीइंग में और आरिफ खान अल्पाइन स्कीइंग में हिस्सा ले रहे हैं।

अमेरिका की दिग्गज स्कीयर लिंडसे वॉन भी 41 साल की उम्र में संन्यास से वापसी कर ओलिंपिक में एक बार फिर नजर आ रही हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article