नई दिल्ली। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। हरारे क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में वैभव ने 15 चौके और 15 छक्के जमाए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 100 रन से जीतकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
वैभव सूर्यवंशी इस पारी के साथ यूथ वनडे (अंडर-19 स्टेज) में भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस पूरे टूर्नामेंट में कुल 30 छक्के लगाए, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा एक ही अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा हैं।
वैभव ने भारत U-19 के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। उन्होंने 25 मैचों में 1412 रन पूरे कर विजय जोल (36 मैच, 1404 रन) को पीछे छोड़ दिया।
इसके अलावा वैभव ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने राज बावा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 वर्ल्ड कप में युगांडा के खिलाफ नाबाद 162 रन बनाए थे।
वैभव की यह पारी यूथ वनडे इतिहास में भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी रही। उनसे आगे सिर्फ अंबाती रायडू हैं, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 177* रन बनाए थे। वैभव ने 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर यूथ वनडे इतिहास का सबसे तेज 150 भी बनाया।
बाउंड्री हिटिंग के मामले में भी वैभव ने नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 175 रन की पारी में सिर्फ बाउंड्री से 150 रन बनाए, जो यूथ वनडे में एक पारी में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के हसिथा बोयगोदा के नाम था, जिन्होंने 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में 124 रन बाउंड्री से बनाए थे।
वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड उन्मुक्त चंद के नाम था, जिन्होंने 2012 फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 111 रन बनाए थे।
इतना ही नहीं, वैभव किसी भी ICC टूर्नामेंट फाइनल (अंडर-19 और सीनियर) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 2022 विमेंस वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में 170 रन बनाए थे।
वैभव ने अपनी पारी में 15 छक्के लगाकर अंडर-19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के नाम था, जिन्होंने 2008 में 12 छक्के लगाए थे।
उन्होंने 55 गेंदों में शतक पूरा कर फाइनल में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। इस लिस्ट में पहला स्थान ऑस्ट्रेलिया के विल मलाइजचुक के नाम है, जिन्होंने इसी वर्ल्ड कप में 51 गेंदों में शतक लगाया था।
भारत ने फाइनल में 411 रन बनाकर अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। इससे पहले फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर 253 रन था, जो ऑस्ट्रेलिया ने 2024 में भारत के खिलाफ बनाया था।




