मंदसौर। मंदसौर में भाजपा पार्षद की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव के बेटे साहिल ने पिता की तीसरी शादी से नाराज होकर अपनी ही सौतेली मां रुबीना की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी साहिल लंबे समय से इस शादी से नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, पार्षद शाहिद मेव ने करीब सात महीने पहले रुबीना से तीसरा निकाह किया था। इसके बाद से ही साहिल के मन में नाराजगी थी और पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी गुस्से और रंजिश में साहिल ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर सौतेली मां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे अभिनंदन नगर में रुबीना की हत्या कर दी गई। हमला उस समय हुआ जब वह मदारपुरा स्थित मायके से ऑटो में बैठकर किराए के मकान लौट रही थीं। जैसे ही वह घर के पास पहुंचीं, घर से करीब 100 मीटर दूर अपाचे बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक ने रुबीना के पेट, सीने और सिर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। हमला इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर हालत में रुबीना को पति शाहिद मेव जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात का मुख्य आरोपी सौतेला बेटा साहिल ही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के समय बिजली बंद होने के कारण घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। हालांकि आसपास के इलाकों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिनसे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या में साहिल की भूमिका रही है।
फिलहाल मृतका का शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
जानकारी के अनुसार रुबीना का यह चौथा निकाह था। उनकी पहली शादी करीब 10 साल पहले जावरा में हुई थी, जो 8 साल बाद तलाक में बदल गई। दूसरी शादी दिल्ली के एक व्यक्ति से हुई थी, जो करीब डेढ़ साल चली। तीसरी शादी भीलवाड़ा में हुई थी, जिससे उन्हें एक 6 वर्षीय बेटा और 4 वर्षीय बेटी है। इसके बाद यह रिश्ता भी टूट गया और करीब सात महीने पहले रुबीना ने शाहिद मेव से शादी की थी।
वहीं पार्षद शाहिद मेव की पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है और एक बेटा साहिल है, जिस पर अब हत्या का आरोप है। दूसरी पत्नी से भी उनके दो बच्चे हैं। तीसरी पत्नी रुबीना की अब इस हत्याकांड में मौत हो चुकी है।
इस मामले में रुबीना की मासूम बेटी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए कह रही है कि दो लड़के आए थे, जिनमें एक साहिल था और दूसरा उसका दोस्त, जिसने उसकी मां पर चाकू से हमला किया।
ऑटो चालक सीताबाई डाबी ने बताया कि रुबीना शुक्ला चौक से उनकी ऑटो में बैठी थीं। घर के पास पहुंचकर रुबीना ने बेटी को बैठाने के लिए ऑटो रुकवाया, तभी पीछे से बाइक सवार युवक आए और कहा, “तुम नहीं छोड़ रही,” और फिर चाकू से हमला कर फरार हो गए।
मृतका के भाई पीरु शाह ने कहा कि उनकी बहन की बेरहमी से हत्या की गई है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
गुरुवार देर रात तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। हालांकि पुलिस ने पार्षद शाहिद मेव और साहिल के साथ बताए जा रहे सोहेल के पिता भुरू पहलवान को थाने बुलाकर पूछताछ की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




