सतना। कोठी रोड पर सोमवार रात दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की गर्दन तार में फंसने से कट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उसके दो रिश्तेदार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 11 बजे गढ़िया टोला कब्रिस्तान के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, एक ठेकेदार का कर्मचारी ट्रैक्टर से भारी मिक्सर मशीन को तार बांधकर सड़क के दूसरी ओर ले जा रहा था। इसी दौरान सिविल लाइन की तरफ से आ रहे बाइक सवार तीन युवक अचानक सड़क पर तने तार में उलझ गए और गिर पड़े। बाइक चला रहे रामजस (45) पिता रामकृपाल चौधरी, निवासी कंचनपुर-अमरपाटन की गर्दन तार में फंसने से कट गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अरविंद (38) पिता रामसिपाही चौधरी निवासी उदयसागर और रामप्रसाद (40) पिता हरिदीन चौधरी निवासी रामपुर चौरासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल आपस में मौसेरे भाई थे। वे अपनी एक मौसेरी बहन की ससुराल बगहा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रामजस पहले सतना पहुंचा था, जहां से वह सिविल लाइन से अरविंद और रामप्रसाद के साथ बाइक से रवाना हुआ था।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर और मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




