इंदौर। भागीरथपुरा में दूषित पानी से बीमार हुई एक और महिला की मौत हो गई है। एक महीने से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती 65 वर्षीय अनिता कुशवाह ने रविवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका इलाज बॉम्बे हॉस्पिटल में चल रहा था और वे लंबे समय से वेंटिलेटर पर थीं। इस मौत के बाद भागीरथपुरा दूषित पानी हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।
मृतका के बेटे नीलेश ने बताया कि अनिता को पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। 28 दिसंबर को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद उन्हें भाग्यश्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर घर लाया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद 1 जनवरी को उन्हें अरबिंदो हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां से 4 जनवरी को बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान अनिता की हालत लगातार गंभीर होती चली गई। उनकी किडनी फेल हो गई, जिसके चलते नियमित हेमोडायलिसिस कराना पड़ा। बाद में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। इस दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया, जिससे उनकी स्थिति और नाजुक हो गई। तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।
सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि शासन की ओर से मरीज को हायर सेंटर में बेहतर इलाज उपलब्ध कराया गया था, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें बचाया नहीं जा सका। अनिता के पति मिल से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।
इस हादसे में अब तक 450 से अधिक मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि तीन मरीज अभी भी भर्ती हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और वे आईसीयू में इलाजरत हैं।
क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे चालू है। यहां अब डायरिया के मरीजों की संख्या काफी कम हो गई है। रोजाना एक-दो मरीज ही पहुंच रहे हैं और उन्हें भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में दो एम्बुलेंस भी तैनात रखी गई हैं।
नगर निगम की ओर से इलाके के करीब 30 प्रतिशत हिस्से में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है। निगम का दावा है कि पानी साफ आ रहा है, लेकिन डर के चलते लोग अभी भी आरओ और टैंकर का पानी ही इस्तेमाल कर रहे हैं। शेष 70 प्रतिशत इलाके में मेन पाइपलाइन का काम अंतिम चरण में है। इसके बाद लीकेज टेस्ट और पानी के सैंपल लेकर जांच की जाएगी।




