नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने रविवार शाम आधिकारिक रूप से भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का ऐलान कर दिया है। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में श्रीलंका के कोलंबो में आमने-सामने होने वाली थीं, लेकिन अब यह मुकाबला नहीं होगा। हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि नॉकआउट चरण में अगर भारत से सामना होता है तो पाकिस्तान उस मैच में खेलेगा या नहीं।
पाकिस्तान सरकार का यह फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के एक हालिया निर्णय के बाद सामने आया है। ICC ने 24 जनवरी को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। इसी फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का निर्णय लिया। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उनकी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी।
सरकारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की अनुमति दी गई है, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेला जाएगा। इसके बाद ICC ने देर रात एक मीडिया रिलीज जारी कर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। ICC ने कहा कि यह फैसला वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम को प्रभावित कर सकता है और उम्मीद जताई कि सभी हितधारकों को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस बैठक में वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी और भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर चर्चा हुई थी। नकवी ने तब संकेत दिया था कि सरकार की मंजूरी के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा, जो अब सामने आ चुका है।
उधर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका जाएगी। टीम 15 फरवरी को वहां पहुंचेगी और ICC के सभी नियमों का पालन करेगी। मैच को लेकर अंतिम निर्णय मैच रेफरी के अधिकार क्षेत्र में होगा।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बॉयकॉट का असर ग्रुप स्टेज पर भी पड़ेगा। अब दोनों टीमों को ग्रुप में तीन-तीन मैच ही खेलने होंगे। पाकिस्तान नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ खेलेगा, जबकि भारत अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड से भिड़ेगा। इस स्थिति में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के दो अंक मिल जाएंगे, जिससे उसके सुपर-8 में पहुंचने की राह आसान हो जाएगी। ICC की प्लेइंग कंडीशंस के अनुसार, पाकिस्तान का रन रेट भी इस बॉयकॉट से प्रभावित हो सकता है।
क्रिकेट के लिहाज से यह फैसला बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा देखे जाने वाला मुकाबला होता है। कई बार इसकी व्यूअरशिप फाइनल से भी ज्यादा रहती है। इस मैच के न होने से ब्रॉडकास्टर्स को भारी नुकसान होने की आशंका है, क्योंकि विज्ञापन स्लॉट पहले ही बिक चुके हैं। अनुमान है कि एक भारत-पाकिस्तान मुकाबले से होने वाली कमाई पूरे टूर्नामेंट की कुल आय का 8 से 10 प्रतिशत तक होती है।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक हुए मुकाबलों में भारत का दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए आठ टी-20 वर्ल्ड कप मैचों में भारत ने सात और पाकिस्तान ने सिर्फ एक में जीत दर्ज की है। आखिरी बार 2024 में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने पांच रन से करीबी जीत हासिल की थी।




