गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एक 13 वर्षीय 9वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बुधवार रात को छात्रा अपने कमरे में सोने गई थी। वहीं, गुरुवार सुबह जब उसकी मां उसे जगाने के लिए गई तो दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों के काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से दरवाजा नहीं खुला तो मां ने खिड़की से झांक कर देखा। कमरे के अंदर बेटी का शव देखा तो मां की चीख निकल गई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा के शव के पास से एक डायरी भी मिली है। उस डायरी में छात्रा ने पढ़ाई के भारी दबाव और मानसिक स्थिति का जिक्र किया है।मृतक छात्रा ने डायरी में लिखा कि गुरुवार को उसकी परीक्षा थी और उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह पढ़ाई कहां से शुरू करे। उसने डायरी में यह भी लिखा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अपने दोस्तों से दूर हो गई थी, जिस वजह से काफी अकेलापन महसूस कर रही थी।




