न्यूजीलैंड ने चौथे टी-20 में भारत को 50 रन से हराया, शिवम दुबे की तूफानी फिफ्टी भी नहीं दिला सकी जीत

Must read

विशाखापट्टनम। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए चौथे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से हरा दिया। 216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। यह मुकाबला एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला गया।

हार के बावजूद भारत के लिए सबसे बड़ा पॉजिटिव प्रदर्शन शिवम दुबे का रहा। दुबे ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी-20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बना लिया। उन्होंने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर 101 मीटर लंबा छक्का लगाया। दुबे 23 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुए।

फील्डिंग में रिंकू सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच में चार कैच पकड़कर इतिहास रच दिया और टी-20 इंटरनेशनल में एक पारी में चार कैच लेने वाले भारत के दूसरे आउटफील्डर बने। इससे पहले यह उपलब्धि 2014 में अजिंक्य रहाणे ने हासिल की थी।

इस मुकाबले में शिवम दुबे की फिफ्टी भारत के लिए तीसरी सबसे तेज रही। इसी सीरीज में पहले अभिषेक शर्मा ने 14 गेंदों में अर्धशतक लगाकर भारत की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी बनाई थी। भारत के लिए सबसे तेज टी-20 फिफ्टी का रिकॉर्ड अब भी युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में यह कारनामा किया था।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। वे टी-20 इंटरनेशनल इतिहास के दूसरे ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ही सीरीज में दो बार किसी टीम के ओपनर को पहली गेंद पर आउट किया। इस सीरीज में उन्होंने पहले गुवाहाटी में संजू सैमसन और अब विशाखापट्टनम में अभिषेक शर्मा को पहली ही गेंद पर आउट किया।

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी-20 में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। टीम ने 215 रन बनाए, जो भारत के खिलाफ उनका सेकेंड हाईएस्ट टी-20 टोटल है। इसके अलावा टी-20 में 2022 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ 100 से ज्यादा की ओपनिंग साझेदारी देखने को मिली। भारत की सरजमीं पर यह 2017 के बाद पहली 100+ ओपनिंग पार्टनरशिप रही।

मैच के दौरान कई अहम मोमेंट्स भी देखने को मिले। न्यूजीलैंड की पारी के पहले ओवर में ही जसप्रीत बुमराह से टिम साइफर्ट का आसान कैच छूट गया, जिसका कीवी बल्लेबाज ने पूरा फायदा उठाया और 36 गेंदों पर 62 रन की पारी खेली। वहीं 16वें ओवर में हार्दिक पांड्या के सटीक डायरेक्ट हिट से न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर रनआउट हो गए।

भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव को एक जीवनदान जरूर मिला, लेकिन वे ज्यादा देर टिक नहीं सके। अंत में शिवम दुबे के रनआउट होने के साथ ही भारत की जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं और न्यूजीलैंड ने सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article