विशाखापट्टनम। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी-20 मुकाबला आज डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे किया जाएगा। तीसरा टी-20 जीतकर भारत पहले ही पांच मैचों की सीरीज अपने नाम कर चुका है और फिलहाल 3-0 की अजेय बढ़त बनाए हुए है।
वाइजैग में भारत का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। यहां खेले गए चार टी-20 मुकाबलों में टीम इंडिया ने तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी। ऐसे में घरेलू हालात का फायदा भारत को एक बार फिर मिल सकता है।
इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। उनके वर्कलोड और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए अर्शदीप सिंह की वापसी के संकेत हैं। अर्शदीप को तीसरे टी-20 में रेस्ट दिया गया था और वे फिर से प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 28 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 15 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 10 में जीत मिली है। तीन मैच टाई रहे हैं। भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच 14 टी-20 खेले गए, जिनमें से भारत ने 10 और न्यूजीलैंड ने 4 मुकाबले जीते हैं। न्यूजीलैंड भारत में आज तक एक भी टी-20 सीरीज नहीं जीत सका है।
सीरीज में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दूसरे टी-20 में 82 और तीसरे में नाबाद 57 रन बनाए थे और वे फिलहाल सीरीज के टॉप स्कोरर हैं। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन भी फिफ्टी लगा चुके हैं। गेंदबाजी में हार्दिक पंड्या भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।
न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने पहले मैच में 78 और तीसरे में 48 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जैकब डफी अब तक तीन विकेट ले चुके हैं।
विशाखापट्टनम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां अच्छी बाउंस और रफ्तार मिलती है, जिससे बड़े स्कोर बनते हैं। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिनर्स को भी मदद मिलने लगती है। ओस के कारण लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है। इस मैदान पर अब तक खेले गए चार टी-20 में तीन बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। यहां का सर्वोच्च स्कोर 209 रन है, जो भारत ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था।
मौसम की बात करें तो विशाखापट्टनम में मैच के दौरान तापमान 19 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
भारत की संभावित प्लेइंग-11 में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह या अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती शामिल हो सकते हैं।
न्यूजीलैंड की संभावित टीम में डेवोन कॉन्वे या फिन ऐलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन या जिमी नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमिसन, जैकब डफी, ईश सोढ़ी और मैट हेनरी शामिल हो सकते हैं।




