नई दिल्ली। ऑटो गैंग ने बुलंदशहर के रहने वाले एक बुजुर्ग के साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास लूटपाट की। ऑटो गैंग के बदमाशों ने बुजुर्ग से न केवल रुपये लूटे, उनका गला दबाकर एटीएम का पिन भी पता कर लिया। लूट के बाद जिस वक्त बदमाश ऑटो से बुजुर्ग को नीचे फेंकने की कोशिश कर रहे थे, तभी राहगीरों ने शक के आधार पर ऑटो चालक को पकड़ लिया। चालक के दोनों साथी मौके से फरार हो गए और उन्होंने एटीएम कार्ड के जरिये बुजुर्ग का खाता खाली कर दिया। बुजुर्ग कनछिद सिंह की शिकायत पर पांडव नगर थाना ने लूटपाट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तार बदमाश सीलमपुर निवासी इम्तियाज के रूप में हुई है। कनछिद अपने परिवार के साथ बुलंदशहर के मथुरा नांगल गांव में रहते हैं। वह अंबाला में दर्जी का काम करते हैं। वह शनिवार को अंबाला से बुलंदशहर जा रहे थे। वह बस से कश्मीरी गेट बस अड्डे पर उतरे। बुलंदशहर जाने के लिए उन्हें आनंद विहार बस अड्डे जाना था। उन्होंने एक ऑटो लिया। ऑटो वाला उन्हें सरायकाले खां ले गया। वहां ऑटो चालक ने अपने दो परिचितों को ऑटो में बैठाया। जब वह अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंचे। तभी बदमाशों ने जबरन उनसे 38 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं एक बदमाश ने बुजुर्ग का पीछे से गला दबाया और दूसरे ने जेब से एटीएम कार्ड निकाल लिया। हत्या की धमकी देकर बुजुर्ग से उसका पिन भी पता कर लिया। ऑटो की गति धीमी करके बुजुर्ग को फेंकने की कोशिश करने लगे। तभी वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर ऑटो पर पड़ी। शक होने पर राहगीरों ने ऑटो को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। मौका पाकर उसके दो साथी नकदी व एटीएम लेकर भाग गए। पकड़े गए चालक की राहगीरों ने पिटाई कर दी। साथ ही पुलिस को मामले की सूचना दी। बाद में पुलिस को आरोपी को सौंप दिया। फरार बदमाशों ने बुजुर्ग के बैंक खाते से 33 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।




