नोएडा। नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एक बिल्डर की निर्माणाधीन इमारत में 16 जनवरी की देर रात हुई सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। घटना के बाद बढ़ते जनआक्रोश और मीडिया में लगातार सुर्खियां बनने के चलते मामला सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा था। इसके बाद सीएम ने पूरे प्रकरण की गहन जांच के निर्देश देते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। एसआईटी के निर्देश पर नोएडा प्राधिकरण ने हादसे वाले प्लॉट और आसपास के क्षेत्र में पिछले दो-तीन वर्षों के दौरान तैनात रहे अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा विवरण जांच कर सौंप दिया है। इस सूची में जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट प्रोजेक्ट इंजीनियर और अन्य तकनीकी स्टाफ समेत कुल लगभग 20 नाम शामिल हैं। एसआईटी ने स्पष्ट रूप से पूछा था कि संबंधित क्षेत्र में किन-किन अधिकारियों की तैनाती रही है, ताकि यह तय किया जा सके कि लापरवाही किस स्तर पर हुई। प्राधिकरण ने विभागीय रिकॉर्ड के आधार पर यह जानकारी उपलब्ध कराई है।SIT ने साफ कर दिया है कि जांच के दौरान केवल मौजूदा तैनाती वाले अधिकारी ही नहीं, बल्कि पूर्व में तैनात अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी। टीम जलभराव, सुरक्षा इंतजामों और निर्माण स्थल की निगरानी में हुई संभावित चूक की भी गहन समीक्षा कर रही है। एसआईटी इन 20 अधिकारियों के नामों को आधार बनाकर अपनी अंतिम रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपेगी। हालांकि, ये नाम केवल नोएडा प्राधिकरण से जुड़े हैं। पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से तैयार अलग रिपोर्ट में भी कई नाम शामिल बताए जा रहे हैं। सीएम स्तर से पहले ही सख्ती के संकेत मिल चुके हैं, ऐसे में रिपोर्ट सामने आने के बाद त्वरित कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। युवराज मेहता की मौत के बाद से ही नोएडा कमिश्नरेट पुलिस, जिला प्रशासन और प्राधिकरण की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि इस बार जांच महज कागजों तक सीमित नहीं रहेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर ऐसे मामलों में जांच लंबी खिंच जाती है और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। हालांकि इस बार लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीधी निगरानी के चलते जिम्मेदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई जरूर होगी।
युवा इंजीनियर की मौत : नोएडा प्राधिकरण ने एसआईटी को सौंपी 20 अफसरों की सूची




