पलवल। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच चल रहा जमीनी विवाद एक बार फिर हिंसक हो उठा है। हसनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत माहोली गांव के पास अलीगढ़ (यूपी) के रहने वाले दर्जनों लोगों ने हथियारों से लैस होकर हरियाणा के किसानों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने एक युवक का अपहरण कर उसे ट्रैक्टर सहित यमुना नदी में डुबोकर जान से मारने की कोशिश की।पुलिस ने इस मामले में 29 नामजद और 10 अन्य लोगों के विरुद्ध अपहरण व हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में माहोली गांव के रहने वाले मेघसिंह ने बताया कि 21 जनवरी की सुबह वह अपने बेटे अशोक और भतीजे गिरवर के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना भरकर पलवल शुगर मिल ले जा रहे थे। बताया कि जैसे ही वे रेनीवेल रोड पर पहुंचे, तभी अलीगढ़ के गांव धारागढ़ी (हाल निवासी चंडीगढ़ का नंगला) के ललित, पोटा, कुम्मन, बच्चू, भरत, प्रमोद,सतपाल, जगन, गिरराज,चंद्रवती, जोगेन्द्र, संती,संगीता, राम सिंह,जगबीर, बल्ली,राहुल, चरण, दीपचन्द, तोता, सुंदर, महेश, महेंद्र, देवकरण, नथोली, शिवकुमार, कल्लू, जग्गो,लीला और आठ-दस अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों के पास कट्टे, बंदूक, फरसा और लाठी-डंडे थे।शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने अशोक के सीने पर कट्टा तान दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद अशोक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर सहित अपहरण कर यमुना नदी की ओर ले गए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर सहित यमुना नदी में कुदा दिया। जब मेघसिंह और अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचे, तो आरोपित हवाई फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।वहीं, घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और हसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यमुना में डूबे ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। घायल अशोक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपितों ने 19 दिसंबर 2025 को भी गांव के लोगों पर हमला किया था, जिसका मुकदमा पहले से दर्ज है। आरोपित लगातार धमकियां दे रहे हैं कि वे पुलिस कार्रवाई से नहीं डरते। हसनपुर थाना पुलिस ने एसआई इमरोज के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
हथियारों से लैस यूपी के दर्जनों लोगों ने हरियाणा के एक युवक को डूबोकर मारने की कोशिश की




