फरीदाबाद में साढ़े 4 साल की बच्ची की हत्या, 50 तक गिनती न लिख पाने पर पिता ने पीट-पीटकर मार डाला

Must read

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने साढ़े चार साल की बेटी की हत्या के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिता ने बच्ची को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा क्योंकि वह 50 तक की गिनती नहीं लिख पा रही थी। नौकरी पर गई पत्नी को उसने बताया कि बेटी खेलते समय सीढ़ियों से गिर गई थी।

जब मां अस्पताल पहुंची तो बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान और चेहरे पर नीले दाग दिखाई दिए। शक होने पर मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सेक्टर-56 क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कृष्णा जैसवाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के खरंटिया गांव का रहने वाला है। वह पत्नी के साथ फरीदाबाद के झाड़सेंतली गांव में किराए के मकान में रहता था। दोनों पति-पत्नी एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में एक 7 साल का बेटा, साढ़े चार साल की मृत बच्ची और एक छोटी बेटी है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दिन के समय कृष्णा घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करता था, जबकि रात में पत्नी बच्चों को संभालती थी। 21 जनवरी को दिन में वह बच्ची को घर पर पढ़ा रहा था। उसने बच्ची से 50 तक की गिनती लिखने को कहा, लेकिन बच्ची ऐसा नहीं कर पाई। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने बच्ची को बुरी तरह पीट दिया।

अधिक मारपीट के कारण बच्ची बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने पत्नी को फोन कर कहा कि बच्ची खेलते हुए सीढ़ियों से गिर गई है।

अस्पताल में बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर मां को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि गुस्से में उसने बेटी को ज्यादा पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article