रायपुर। भारत ने न्यूजीलैंड को 28 गेंद शेष रहते हरा दिया और 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी अब तक की सबसे तेज जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने 209 रन का लक्ष्य सिर्फ 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ ही भारत ने टी-20 इंटरनेशनल में छठी बार 200 से ज्यादा का टारगेट चेज किया और सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड बने, लेकिन सबसे यादगार प्रदर्शन ईशान किशन का रहा। ईशान ने सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने पावरप्ले में ही आक्रामक अंदाज दिखाया और शुरुआती छह ओवरों में 56 रन बनाए। आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन्हें गले लगाकर उनकी पारी की सराहना की, जो मैच का खास पल रहा।
सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 पारियों के बाद टी-20 में फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। ईशान और सूर्या के बीच 122 रन की साझेदारी ने न्यूजीलैंड को पूरी तरह मुकाबले से बाहर कर दिया।
टी-20 इंटरनेशनल में भारत ने 200 या उससे ज्यादा रन का लक्ष्य छठी बार हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। 209 रन का यह चेज भारत का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। इससे पहले 2009 में मोहाली में भारत ने 211 रन का लक्ष्य हासिल किया था। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि भारत ने अपने घरेलू मैदान पर 100वां टी-20 मैच जीत के साथ पूरा किया।
ईशान किशन की 21 गेंदों में फिफ्टी भारत-न्यूजीलैंड टी-20 इतिहास की सबसे तेज अर्धशतक बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने नागपुर में 22 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। पावरप्ले में 56 रन बनाना टी-20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की धरती पर टी-20 इंटरनेशनल में अपना सबसे बड़ा स्कोर 208 रन बनाया। इससे पहले भारत में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2017 में राजकोट में 196 रन था।
कीवी तेज गेंदबाज जैक फाउक्स ने इस मैच में एक पारी की शुरुआत में सबसे ज्यादा रन लुटाने का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने अपने शुरुआती तीन ओवरों में 67 रन खर्च किए, जो टी-20 इंटरनेशनल इतिहास का सबसे महंगा शुरुआती स्पेल है।
मैच में कई दिलचस्प पल भी देखने को मिले। संजू सैमसन को शुरुआत में जीवनदान मिला, लेकिन वे सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। अभिषेक शर्मा अपने टी-20 करियर में पहली बार शून्य पर आउट हुए। एक ओवर में ईशान किशन के हाथ से बल्ला छूटने के बाद उन्होंने लगातार तीन चौके जड़ दिए। वहीं सूर्यकुमार यादव को दो जीवनदान मिले, जिनका उन्होंने पूरा फायदा उठाते हुए भारत को आसान जीत दिलाई।




