वडोदरा। सोफी डिवाइन के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत विमेंस प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स ने अपना तीसरा मुकाबला जीत लिया। गुरुवार को कोटम्बी स्टेडियम में खेले गए मैच में यूपी वारियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 153 रन बनाए। टीम की ओर से मिडिल ऑर्डर में उतरी सोफी डिवाइन ने 42 गेंदों पर 50 रन की अहम पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वारियर्स की टीम 17.3 ओवर में 108 रन पर ढेर हो गई।
गुजरात की शुरुआत खराब रही और 23 रन पर पहला विकेट गिर गया। ओपनर डेनी वायट हॉज 14 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद बेथ मूनी ने पारी को संभालते हुए 34 गेंदों में 38 रन बनाए। हालांकि अनुष्का शर्मा (14) और कप्तान एश्ले गार्डनर (5) जल्दी आउट हो गईं।
सोफी डिवाइन के अलावा निचले क्रम से ज्यादा योगदान नहीं मिल सका। भारती फूलमाली, कनिका आहूजा और काशवी गौतम सस्ते में पवेलियन लौट गईं। यूपी की ओर से सोफी एकलस्टन और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा और क्लो ट्रायोन को एक-एक सफलता मिली।
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वारियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 2 रन पर पहला विकेट गंवा दिया, जब किरण नवगिरे बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान मेग लेनिंग भी 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
नंबर तीन पर उतरी फीबी लिचफील्ड ने 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही टीम दबाव में आ गई। अच्छी फॉर्म में चल रहीं हरलीन देओल भी इस मैच में 3 रन बनाकर आउट हो गईं। क्लो ट्रायोन ने नाबाद 30 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं।
गुजरात की गेंदबाजी में राजेश्वरी गायकवाड सबसे सफल रहीं और उन्होंने 3 विकेट झटके। रेणुका सिंह ठाकुर और सोफी डिवाइन को 2-2 विकेट मिले, जबकि काशवी गौतम और एश्ले गार्डनर को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार दर्ज की हैं। वहीं यूपी वारियर्स को छठे मुकाबले में चौथी हार झेलनी पड़ी।




