गाज़ियाबाद। मोदीनगर के कस्बा पतला में मंगलवार रात करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने जमकर उत्पात मचाया। बस ने तीन मकानों को टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के वक्त मकानों में रह रहे करीब 15 लोग बाल-बाल बच गए।
बताया गया कि मेरठ डिपो की यह रोडवेज बस अचानक पतला कस्बे में घुस गई, जबकि यह उसका निर्धारित रूट नहीं था। बस की रफ्तार काफी तेज थी। सबसे पहले बस ने ब्रजेश कुमार के मकान को टक्कर मारी, जिससे दीवार और पिलर गिर गया। टक्कर के समय मकान के अंदर सो रहे आठ लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।
इसके बाद बस ने चंद्रपाल, रमेश, रामपाल शर्मा और शेरू के मकानों को भी टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया। कई मकानों को क्षतिग्रस्त करने के बाद बस एक बिजली के पोल से टकराकर रुक गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मेरठ डिपो की बस अपने निर्धारित मार्ग से भटककर पतला कस्बे में कैसे पहुंची।
इस मामले में ब्रजेश कुमार ने निवाड़ी थाने में तहरीर दी है। अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। चालक की हालत सामान्य होने पर उससे पूछताछ की जाएगी।




