घर में 40 लाख की चोरी, एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं, शासकीय अधिवक्ता पुलिस से आहत

Must read

जबलपुर। दिनदहाड़े घर में हुई बड़ी चोरी को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से शासकीय अधिवक्ता और सहायक लोक अभियोजन अधिकारी अमित कुमार पुलिस व्यवस्था से आहत हैं। अमित कुमार के जबलपुर स्थित घर से 30 से 40 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। उनका आरोप है कि अब तक न तो संदिग्धों से पूछताछ की गई और न ही एफआईआर दर्ज की गई। हर बार थाने जाने पर सिर्फ यह कहा जाता है कि विवेचना चल रही है।

अमित कुमार का कहना है कि वे खुद रोजाना अदालत में पुलिस के मामलों की पूरी निष्ठा से पैरवी करते हैं, लेकिन जब उन्हें न्याय की जरूरत पड़ी तो पुलिस ही मददगार नहीं बन रही है। उन्होंने इस मामले में जबलपुर एसपी से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

अमित कुमार मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले हैं और अगस्त 2025 में जबलपुर में पदस्थ हुए थे। वे 29 नवंबर को दोस्त की शादी में झांसी गए थे और 2 दिसंबर को लौटे। 3 दिसंबर को उन्होंने घर की अलमारी में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी रखी थी। 13 दिसंबर को जब पत्नी से अलमारी में रखे पैसे लाने को कहा गया तो लॉकर खुला मिला और जांच में करीब 18 हजार रुपए गायब पाए गए। इसके बाद जेवरात के बक्से खोले गए तो सारा सोना-चांदी गायब था।

परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा। इसके बाद आधारताल थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे पूरा परिवार तनाव में है।

अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने जुलाई 2025 में जिला कोर्ट जबलपुर में सहायक लोक अभियोजन अधिकारी के पद पर ज्वाइन किया था और अगस्त में आधारताल क्षेत्र में किराए का मकान लिया था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। घर में सुबह करीब 11 बजे काम करने के लिए मेड आती है। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाली एक महिला 6 माह की बच्ची को खिलाने आती थी और शाम को 7 वर्षीय बेटे को पढ़ाने के लिए टीचर आती थी। इनके अलावा किसी और का घर में आना-जाना नहीं था।

उन्होंने बताया कि रोजाना वे 11 बजे कार्यालय चले जाते हैं और घर पर पत्नी व बच्चे रहते हैं। जिस स्थान पर अलमारी रखी थी, वहां बाहरी व्यक्ति का जाना सामान्य नहीं है। आशंका है कि दोपहर में पत्नी के सोने के दौरान किसी ने मौके का फायदा उठाया और अलमारी खोलकर जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। अमित का कहना है कि चोरी करने वाला व्यक्ति यह अच्छी तरह जानता था कि अलमारी की चाबी पास में ही रखी रहती है।

अमित कुमार के घर से करीब 20 तोला सोना और एक किलो चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं। इनमें एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, एक बेंदी, चार चूड़ियां, दो कंगन, कान की झुमकियां और 18 हजार रुपए नकद शामिल हैं।

एडीपीओ का कहना है कि वे लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार जांच जारी होने की बात कहकर टाल दिया जाता है। जिन लोगों पर संदेह जताया गया है, उनसे अब तक पूछताछ नहीं की गई। उन्होंने कहा कि एक माह में पुलिस की कार्रवाई से वे बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं और उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।

इस मामले में सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि एडीपीओ अमित कुमार की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। आधारताल थाना पुलिस लगातार जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। टीआई को निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article