भारत बनाम न्यूजीलैंड: नागपुर में आज पहला टी-20, वर्ल्ड कप से पहले आखिरी बड़ी परीक्षा

Must read

नागपुर। भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को इस साल का पहला टी-20 मैच खेलेगी। विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा।

पांच मैचों की यह टी-20 सीरीज भारत के लिए वर्ल्ड कप से पहले आखिरी बड़ी तैयारी मानी जा रही है। टीम इंडिया 7 फरवरी से अपने घर में टी-20 वर्ल्ड कप खेलेगी, ऐसे में यह सीरीज टीम कॉम्बिनेशन और खिलाड़ियों की फॉर्म परखने का अहम मौका होगी। खास तौर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव पर नजर रहेगी, जो पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पिछले 19 मैचों में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है।

इस सीरीज से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हो रही है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में आराम दिया गया था। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी टीम में लौट रहे हैं, जिससे भारतीय टीम का संतुलन बेहतर हुआ है और टीम मैनेजमेंट के पास अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज खिलाने का विकल्प रहेगा।

तिलक वर्मा चोट के कारण टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिलेगा और वे टॉप-3 में बल्लेबाजी करेंगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसकी पुष्टि कर दी है।

हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में भारतीय क्रिकेट टीम का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 25 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 12 मुकाबले जीते हैं, न्यूजीलैंड ने 10, जबकि 3 मैच टाई रहे हैं। घरेलू मैदानों पर भारत का जीत प्रतिशत 63 रहा है।

नागपुर की पिच आमतौर पर धीमी रहती है और उछाल भी कम देखने को मिलता है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। स्पिनर्स की भूमिका भी अहम रह सकती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 146 है, जबकि दूसरी पारी में यह घटकर 125 रह जाता है, जिससे लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता।

मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश के आसार न के बराबर हैं। दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रह सकता है। शाम के समय हल्की ओस देखने को मिल सकती है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11 में सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती शामिल हो सकते हैं। न्यूजीलैंड की टीम मिचेल सैंटनर, टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और जैकब डफी के साथ उतर सकती है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article