नोएडा। क्षेत्र के गांव सिरसा खादर के रहने वाले युवक के हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए युवक के स्वजन और ग्रामीणों ने जेवर टाउन बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आर्थिक मदद की मांग करते हुए लापरवाही बरतने वाले विद्युत कर्मियों पर कार्यवाही की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया तथा जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। जेवर के रामपुर बांगर गांव में फाल्ट को ठीक करते वक्त लाइनमैन का सहकर्मी सुभाष निवासी सिरसा खादर करंट की चपेट में आने से झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां गंभीर अवस्था में उसका उपचार चल रहा है। रविवार को दर्जनों ग्रामीणों के साथ पीड़ित स्वजन नगर विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे तथा विद्युत कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शटडाउन लेने के बाद भी लापरवाही बरतते हुए आपरेटर द्वारा लाइन को चालू कर दिया। जिसके कारण सुभाष करंट की चपेट में आकर झुलस गया।लोगों ने कहा कि पीड़ित गरीब परिवार से है उसका विद्युत विभाग द्वारा इलाज कराया जाए और दोषी विद्युत कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसा युवक, परिजनों ने बिजलीघर पर किया प्रदर्शन




