फरीदाबाद। जिले के अजरौंदा गांव में मंगलवार देर रात शराब पीते समय हुई मामूली कहासुनी ने जानलेवा रूप ले लिया। गुस्से में एक युवक ने अपने ही दोस्त के सीने में सब्जी काटने वाला चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नेपाल निवासी भीम कंवर के रूप में हुई है। आरोपी का नाम भीम थापा बताया गया है। दोनों फरीदाबाद में रहकर काम कर रहे थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। सेंट्रल थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक अजरौंदा गांव में किराये पर रहने वाला भीम थापा चिकन की दुकान पर मीट काटने का काम करता था, जबकि भीम कंवर पेशे से ड्राइवर था। दोनों अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। मंगलवार रात भीम कंवर अपने दोस्त राजू के साथ थापा के कमरे पर पहुंचा। वहां तीनों ने साथ शराब पी।
शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब लाने को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान भीम कंवर ने गुस्से में आकर थापा को दो तीन थप्पड़ मार दिए। इससे बौखलाए थापा ने कमरे के अंदर जाकर सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और बाहर आते ही कंवर के सीने में घोंप दिया।
चाकू लगते ही भीम कंवर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है।




