वडोदरा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1 बजे होगा। यह वडोदरा के इस नए स्टेडियम में पहला पुरुष अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबला होगा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 120 वनडे खेले गए हैं, जिनमें 62 भारत और 50 न्यूजीलैंड ने जीते हैं। भारत में खेले गए 40 मुकाबलों में टीम इंडिया ने 31 बार जीत दर्ज की है, जबकि कीवी टीम सिर्फ 8 मैच जीत पाई है। इससे घरेलू मैदान पर भारत का दबदबा साफ नजर आता है।
इस मैच में रोहित शर्मा के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वनडे क्रिकेट में ओपनर के तौर पर उनके नाम 327 छक्के हैं। अगर वह आज दो छक्के लगा देते हैं तो क्रिस गेल का 328 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वहीं विराट कोहली भी 28 हजार इंटरनेशनल रन के बेहद करीब हैं। उनके नाम फिलहाल 27,975 रन हैं और वे 42 रन बनाते ही कुमार संगकारा को पीछे छोड़कर दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
हालिया फॉर्म की बात करें तो विराट कोहली शानदार लय में हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता था और 2025 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन भी बनाए हैं। गेंदबाजी में हर्षित राणा सबसे प्रभावशाली रहे हैं।
न्यूजीलैंड की टीम इस सीरीज में कुछ बड़े नामों के बिना उतरी है। नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर चोट के कारण बाहर हैं, जबकि केन विलियमसन, रचिन रवींद्र और टॉम लैथम को आराम दिया गया है। टीम की कमान माइकल ब्रेसवेल संभाल रहे हैं। डेरिल मिचेल और ब्रेसवेल न्यूजीलैंड के सबसे अहम खिलाड़ी माने जा रहे हैं।
कोटांबी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद अच्छे से बल्ले पर आती है, इसलिए हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। मौसम भी पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग-11 में शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह शामिल हो सकते हैं। न्यूजीलैंड की ओर से माइकल ब्रेसवेल, डेवॉन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स और काइल जैमीसन पर नजरें रहेंगी।
मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर देखी जा सकेगी।




