गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने गुरुवार को सोहना रोड पर एक सोसाइटी गेट के बाहर स्विफ्ट कार के सभी दरवाज़े खोलकर गोल-गोल घुमाकर स्टंट करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के विवेक कुमार, कानपुर के दुर्गेश और बिहार के समस्तीपुर के मोहम्मद सनम के रूप में हुई है।सोसाइटी गेट के बाहर स्टंट का एक वीडियो सोमवार रात को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। जांच में पता चला कि यह वीडियो भोंडसी पुलिस स्टेशन इलाके में सोहना रोड पर सिग्नेचर ग्लोबल दक्षिण सोसाइटी के बाहर शूट किया गया था। भोंडसी पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को भोंडसी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी दुर्गेश सरस्वती एन्क्लेव में मोबाइल फोन की दुकान चलाता है, जबकि 11वीं तक पढ़े विवेक कुमार और सनम बेरोजगार हैं। तीनों सरस्वती एन्क्लेव में किराए के कमरे में रहते हैं। आरोपियों ने स्टंट करने के लिए अपने मकान मालिक से स्विफ्ट कार उधार ली थी। स्विफ्ट कार भी उनसे बरामद कर ली गई है।




