14 साल के वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 19 गेंदों में फिफ्टी से भारत ने साउथ अफ्रीका को हराया

Must read

नई दिल्ली। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। विलोमूर पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 14 साल के वैभव ने 24 गेंदों पर 68 रन बनाए। उनकी पारी में 10 छक्के और एक चौका शामिल रहा, यानी 68 में से 64 रन सीधे बाउंड्री से आए।

246 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने पारी की पहली ही गेंदों से छक्के बरसाने शुरू कर दिए और फिफ्टी पूरी होने तक 8 छक्के लगा चुके थे। भारत ने पावरप्ले के 10 ओवर में ही 2 विकेट पर 103 रन बना लिए।

खराब रोशनी के चलते खेल रोका गया, तब भारत ने 12.5 ओवर में 2 विकेट पर 115 रन बना लिए थे। इसके बाद डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 27 ओवर में 174 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे भारतीय टीम ने 23.3 ओवर में हासिल कर लिया।

वैभव 68 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वेदांत त्रिवेदी (31 रन) और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडु (48 रन) ने टीम को जीत तक पहुंचाया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की अंडर-19 टीम 49.3 ओवर में 245 रन पर सिमट गई। जानसन रोवल्स ने 113 गेंदों पर 114 रन की शानदार पारी खेली। भारत की ओर से किशन सिंह ने 3 विकेट लेकर शुरुआती झटके दिए, जबकि आरएस अंब्रिश को 2 विकेट मिले।

मैच में सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की रही, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सितारा मिल चुका है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article