ग्रेटर नोएडा। शहर के बिसरख थाना क्षेत्र की गौर सोसाइटी में रविवार शाम एक किराए के मकान में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। वारदात की जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अनिल (33) और उसकी पत्नी अनीता (30) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले थे और करीब एक महीने पहले ही यहां किराए पर रहने आए थे। अनिल निजी कंपनी में गार्ड था, जबकि अनीता सोसाइटी में घरों की साफ-सफाई का काम करती थी।
रविवार शाम करीब पांच बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। पड़ोसियों ने घर से तेज आवाजें और चीख-पुकार सुनी तो मकान मालिक को सूचना दी। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण जब खिड़की से झांककर देखा गया, तो अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे में अनीता की खून से लथपथ लाश फर्श पर पड़ी थी, जबकि अनिल फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि अनिल ने धारदार हथियार से अनीता के गले पर 5 से 7 बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद को भी घायल किया और अंत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पड़ोसियों के अनुसार, दंपती की शादी को करीब 13 साल हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।




