गुजरात। विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश को शानदार जीत दिलाते हुए ध्रुव जुरेल ने अपने लिस्ट-A करियर का पहला शतक जड़ा। सानोसरा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में जुरेल ने 101 गेंदों पर नाबाद 160 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसके दम पर यूपी ने 7 विकेट पर 369 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बड़ौदा की टीम 315 रन पर सिमट गई और मुकाबला 54 रन से हार गई। बड़ौदा के कप्तान कुणाल पंड्या ने 82 रन जरूर बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
इसी दिन टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश और मुंबई ने भी लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान मजबूत किया। अहमदाबाद में मध्य प्रदेश ने केरल को 47 रन से हराया, जहां 93 रन की पारी खेलने वाले हिमांशु मंत्री प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वहीं जयपुर में मुंबई ने छत्तीसगढ़ को 9 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में कप्तान शार्दूल ठाकुर ने 4 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि शम्स मुलानी ने 5 विकेट झटके।
अन्य मुकाबलों में उत्तराखंड ने कप्तान कुणाल चंदेला के शतक की बदौलत पंजाब को 5 विकेट से हराकर उलटफेर किया। रांची में बिहार ने मेघालय को आसानी से हराया, जहां 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 10 गेंदों पर 31 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। बेंगलुरु में दिल्ली ने सौराष्ट्र के खिलाफ 320 रन का लक्ष्य हासिल किया, जिसमें प्रियांश आर्या और तेजस्वी यादव की अहम पारियां रहीं।




