चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; 15 मिनट में जलकर राख हुई गाड़ी

Must read

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ क्षेत्र में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक की चलती कार में अचानक आग लग गई। दिल्ली–मुंबई–वड़ोदरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लाइन पर हुई इस घटना में कार महज 15 मिनट के भीतर आग का गोला बन गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते चालक बाहर निकल आया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक, आईएमटी क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम करने वाला विकास अपनी आई-20 कार से घर लौट रहा था। वह सेक्टर-2 के पास दिल्ली-मुंबई-वड़ोदरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड से गुजर रहा था, तभी कार के नीचे से अचानक धुआं उठने लगा। शुरुआत में उसे इसका अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन पीछे चल रहे राहगीरों ने इशारा कर उसे तुरंत कार रोकने को कहा।

कार रोकते ही इंजन के नीचे से धुआं और तेज हो गया और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। विकास ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल के पहुंचने से पहले ही पूरी कार जल चुकी थी। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास खड़े लोग भी दूर हट गए।

घटना की सूचना मिलते ही बल्लभगढ़ की अग्रसेन चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से नष्ट हो चुकी थी।

अग्रसेन चौकी इंचार्ज धर्मपाल कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि राहगीरों की सतर्कता और चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article