गुरुग्राम। होडल-नगीना रोड पर ट्रक की टक्कर से कार सवार 3 दोस्तों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य दोस्तों की हालत गंभीर है। ट्रक ने कार में सामने से टक्कर मारी। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि करीब 30 मीटर तक ट्रक कार को अपने साथ ही धकेलते हुए ले गया। आसपास के लोगों ने कार की खिड़कियां काटकर घायलों को बाहर निकाला। यह पूरा हादसा इतना खकरनाक था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक की अस्पताल पहुंचते समय मौत हो गई। ड्राइवर सीट पर बैठे युवक की छाती और पेट में स्टीयरिंग घुस गई। वहीं ड्राइवर ट्रक को मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया। सभी युवक बिछोर थाना क्षेत्र के नीमका गांव के रहने वाले थे। वे सभी मंगलवार को स्विफ्ट कार में होडल-नगीना रोड पर एक होटल में खाना खाने जा रहे थे। लौटते समय गांव से करीब एक किलोमीटर दूर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर मारने के बाद ट्रक बेकाबू होकर करीब 20-30 मीटर तक कार को घसीटता रहा। ट्रक की टक्कर से कार दूर पड़े एक कूड़े के ढेर पर चढ़कर रुकी। गाड़ी चला रहे आमिर का इलाज चल रहा है। जबकि साहून (18) और शाहरुख (17) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बमुश्किल सभी को बाहर निकाला। आदिल ने रास्ते में जाते समय दम तोड़ दिया। साहून के जीजा आशिक और आमिर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।




