फरीदाबाद। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर अलग-अलग मामलों में 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 और सेक्टर-56 की टीमों ने अलग-अलग ऑपरेशन में की।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने पुलिस कर्मचारी पर हमले के मामले में फरार चल रहे बनवारी (22) को पकड़ा है। आरोपी मूल रूप से अलीगढ़ जिले के सिवाला गांव का रहने वाला है। उस पर 2 जुलाई 2024 को क्राइम ब्रांच के एक कर्मचारी पर हमला करने का आरोप है। घटना के बाद से वह लगातार फरार था, जिस पर पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। टीम ने आरोपी को पकड़कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने युनुस उर्फ बद्री (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नूंह जिले के गांव टाई का निवासी है। उस पर फरवरी 2024 में ट्रक के जरिए गौ तस्करी करने और पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करने का मामला दर्ज हुआ था। वारदात के बाद से वह भी फरार चल रहा था और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक युनुस उर्फ बद्री के खिलाफ राजस्थान, रेवाड़ी, नूंह और गुरुग्राम में हत्या के प्रयास और गोकशी से जुड़े कुल आठ संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




