रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रिंगनोद थाना क्षेत्र की ढोढर चौकी पुलिस ने बाइक सवार दो तस्करों को 150 ग्राम एमडी (मेथाड्रोन) ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 21 और 22 दिसंबर की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध ड्रग्स की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी ने टीम के साथ बरखेड़ी फंटा के पास घेराबंदी की। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक को रोका गया, जिस पर सवार दोनों युवक संदिग्ध पाए गए।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद प्लास्टिक की थैली से 150 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस ने मौके से बजाज पल्सर बाइक भी जब्त कर ली। पकड़े गए आरोपियों में अफरोज खां (35), निवासी मेवातीपुरा जावरा, जिला रतलाम और नीलेश सिंह (30), निवासी रिछापडुनी थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ राजस्थान शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




