गाजियाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार तीन नाबालिग किशोरों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे किशोर को मेरठ रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया।
पेट्रोल भरवाने निकले थे घर से
सैदपुर गांव निवासी इमरान (13) पुत्र नाजिम, वसीम (16) पुत्र सलीम और समद पुत्र जान मोहम्मद बाइक से चुड़ियाला पेट्रोल पंप पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक और सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
हादसे में इमरान और वसीम की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल समद को परिजन पहले मोदीनगर के जीवन अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे सुभारती अस्पताल मेरठ रेफर कर दिया गया।
गांव में पसरा मातम
दोनों मृतक किशोरों के घर पास-पास हैं। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इमरान सरकारी स्कूल में कक्षा पांचवीं का छात्र था।
आरोपी चालक फरार, CCTV से तलाश
भोजपुर थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।




